शाहजहांपुर : आल इंडिया पोस्टल इम्पलाइज यूनियन के आह्वान पर डाक कर्मियों ने सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान वक्ताओं ने मांगे न मानने पर आरपार की लड़ाई का एलान किया।
ग्रुप सी के मंडलीय सचिव सुरेंद्र कुमार चौहान ने कहा कि डाक विभाग में अन्य केंद्रीय विभाग भी संक्रमण काल से गुजर रहे हैं। सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों से सभी त्रस्त हैं। कर्मचारियों की संख्या लगातार घटती जा रही है जिससे काम का बोझ बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा सरकार द्वारा खर्चो में कटौती के लिए भर्ती पर रोक पूर्णत: अनुचित है।
मंडलीय अध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह ने कहा कि हम सभी को सातवें वेतन आयोग के लिए एक लंबे संघर्ष को तैयार रहना है। उन्होंने कहा पीएफआरडीए बिल पारित करके सरकार ने कर्मचारियों के साथ अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि सरकार को तत्काल इस बिल को वापस लेना चाहिए। अन्यथा कर्मचारी आंदोलन को बाध्य होंगे। पोस्टमैन ग्रुप के अध्यक्ष शाहिद सिद्दीकी ने एकता पर जोर दिया। ग्रुप सी के कोषाध्यक्ष राकेश कुमार सक्सेना ने कहा सरकार द्वारा लगातार कर्मचारियों की सुविधाओं में कटौती की जा रही है। महंगाई के भार से आम जन त्रस्त है सरकार को इस ओर ध्यान देना चाहिए।
ईडी संघ के सचिव विष्णु दत्त मिश्रा ने कहा कि संघर्ष के द्वारा सभी कुछ हासिल किया जा सकता है। मधुबाला श्रीवास्तव ने कहा कि अपने अधिकारों के लिए हमें सजग रहना है। हम किसी भी संघर्ष से कदापि पीछे नहीं हटेंगे। प्रदर्शन में आशाराम, प्रशांत गुप्ता, राघवेंद्र प्रताप सिंह, मनीष भट्ट, रामप्रताप, प्रत्युष, ऋचा, गेंदा देवी, रामभरत, प्रेमपाल, अनिल मकुरा, देवकी नंदन, मंजू श्रीवास्तव, मंजू कश्यप, संगीता श्रीवास्तव, चंद्र प्रकाश, राजेश, ललित अवस्थी, मो. शाहिद, विजय सागर, परशुराम आदि उपस्थित थे।
साभार - दैनिक जागरण ,शाहजहांपुर 26-09-2013
