Sunday, December 16, 2012

12-12-12को हड़ताल पर रहे डाक कर्मचारी








शाहजहांपुर : केंद्रीय आह्वान पर आल इंडिया पोस्टल इम्प्लाइज यूनियन के पदाधिकारी बुधवार को हड़ताल पर रहे। सुबह से ही कर्मचारी प्रधान डाकघर के गेट पर एकत्रित हो गए और अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की।
हड़ताल का नेतृत्व आल इंडिया पोस्टल इम्प्लाइज यूनियन ग्रुप सी के मंडलीय सचिव सुरेंद्र कुमार सिंह चौहान ने किया तथा संचालन अखिल भारतीय केंद्रीय कर्मचारी समन्वय समिति के महामंत्री तथा पोस्टल यूनियन के सहायक मंडलीय सचिव अरुण प्रताप सिंह ने किया।
हड़ताल से प्रधान डाकघर का पूरा काम काम ठप रहा तथा उपडाकघर एसी फैक्ट्री, सदर बाजार, शाहजहांपुर आरएस, हास्पिटल रोड में भी कार्य ठप रहा।
प्रधान डाकघर के गेट पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए आल इंडिया पोस्टल इम्पलाइज यूनियन ग्रुप सी के मंडलीय सचिव सुरेंद्र कुमार सिंह चौहान ने कहा सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों से कर्मचारी त्रस्त हैं। कहा केंद्रीय कर्मचारियों का वेतन संशोधन प्रत्येक 5 साल में होना चाहिए। अपने संबोधन में पोस्टल यूनियन के सहायक मंडलीय सचिव अरुण प्रताप सिंह ने सरकार से अपील की कि केंद्रीय कर्मियों की पंद्रह सूत्रीय मांग पर तत्काल सार्थक हल निकाला जाए अन्यथा कर्मचारी आंदोलित होंगे। मधुबाला श्रीवास्तव ने कहा पेंशन समेत सभी उद्देश्यों के लिए डीए का वेतन के साथ विलय किया जाना चाहिए। पोस्टमैन यूनियन के अध्यक्ष शाहिद सिद्दीकी ने कहा कि ओटीए व नाइट ड्यूटी भत्तों तथा वर्दी के कपड़ों की दरों में संशोधन होना चाहिए। यूनियन के मंडलीय सचिव आशाराम ने कहा सभी खाली पदों को तत्काल भरा जाना चाहिए तथा जरूरत के आधार पर पदों का सृजन होना चाहिए। विष्णुदत्त मिश्र ने कहा कि ग्रामीण डाकसेवकों को नियमित किया जाना चाहिए तथा उन्हें पोस्टमैन रिक्तियों में समायोजित किया जाना चाहिए। ब्रह्मा सिंह ने कहा सभी कर्मचारियों को सेवाकाल में 5 प्रोन्नतियां दी जानी चाहिए तथा ट्रेड यूनियन का उत्पीड़न बंद हो। राकेश कुमार सक्सेना ने कहा सरकारी प्रतिष्ठानों की आउटसोर्सिग, निगमीकरण और निजीकरण बंद होना चाहिए। राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा नई पेंशन योजना तत्काल रद की जानी चाहिए। पेंशन का लाभ सभी कर्मचारियों को समान रूप से दिया जाना चाहिए। हड़ताल में भाग लेने वालों में सुरेंद्र कुमार सिंह चौहान, राकेश कुमार सक्सेना, ब्रह्मा सिंह, मंसूब हसन, ललित अवस्थी, विष्णु दत्त मिश्रा, महेश कुमार, मनीष भट्ट, आशाराम, राघवेंद्र प्रताप सिंह, शैलेंद्र कुमार, रामभरत, भानु प्रताप, प्रशांत गुप्ता, राजेश कुमार, वीरेश कुमार सिंह, रजनीश कुमार शुक्ल, चंद्र प्रकाश, एपी सिंह, शाहिद अली खां, प्रेमपाल अर्जुन बाबू, विश्राम लाल, अजय कुमार सिंह, नत्थू लाल, मोहम्मद शाहिद, राजातुल्लाह, रामसरन सिंह, फूल सिंह, अनिल कुमार, आदि ने भाग लिया।
DAINIK JAGRAN PAGE-2 DTD 13-12-12
PHOTO - A.P.SINGH